प्रो. आर.के. धीमान ने एसजीपीजीआई में किया स्तनपान कक्ष का उद्घाटन
- DSS Admin
- May 25, 2026
लखनऊ, 25 मई (हि.स.)। स्तनपान कराने वाली माताओं की गरिमा को सुरक्षित व संरक्षित रखना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं को उन्नत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. आर.के.धीमान ने सोमवार को जनरल अस्पताल परिसर में एक स्तनपान कक्ष का उद्घाटन किया। स्तनपान कक्ष 'इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ अभ्युदय' के सहयोग से स्थापित किया गया है।
इस अवसर पर एसजीपीजीआई के निदेशक प्रो. राधा कृष्ण धीमन ने कहा कि हम संस्थान में भविष्य में आवश्यकता अनुसार ऐसे और कियोस्क स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि प्रत्येक स्तनपान कराने वाली माँ स्वयं को समर्थित और सुरक्षित महसूस कर सके।
इस अवसर पर बोलते हुए इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी सिंह ने कहा कि समाज की सेवा ही हमारा सच्चा कर्तव्य है। छोटे प्रयास भी लोगों के जीवन में बड़ी राहत ला सकते हैं। इसी भावना को दोहराते हुए, उन्होंने यह भी नोट किया कि नव-संस्थापित स्तनपान कियोस्क स्तनपान कराने वाली माताओं को अत्यंत आवश्यक आराम प्रदान करेगा। इनर व्हील क्लब, महिलाओं के लिए दुनिया के सबसे बड़े स्वैच्छिक सेवा संगठनों में से एक है, जो मित्रता, सेवा और सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। इस अवसर पर एसजीपीजीआई के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. आर. हर्षवर्द्धन, डॉ. बृजेश सिंह , डॉ. प्रेरणा कपूर, कर्मचारी, छात्र और इनर व्हील क्लब के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे ।

