उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में सारण जिला बीस सूत्री की बैठक संपन्न
- DSS Admin
- May 25, 2026


सारण, 25 मई (हि.स.)। जिले के प्रभारी मंत्री सह उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति बीस सूत्री की एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में विगत बैठक के निर्णयों के अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई और समिति के सदस्यों से उनका फीडबैक लिया गया। बैठक में स्थानीय विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे छाए रहे। सदस्यों ने छपरा नगर निगम क्षेत्र में कचरे के डोर स्टेप उठाव को अधिक व्यवस्थित करने और स्ट्रीट लाइटों की प्रभावी मरम्मत की मांग उठाई। साथ ही हथुआ मार्केट के समीप सार्वजनिक शौचालय व यूरिनल की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। शहर में चल रहे डबल डेकर निर्माण को देखते हुए, गलियों के संपर्क पॉइंट को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए ताकि आम जनता का आवागमन बाधित न हो।
इसके अतिरिक्त सदस्यों द्वारा साहेबगंज से मौना चौक होते हुए साढा ढाला तक की सड़क के पुनर्निर्माण, कोपा में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, रिविलगंज में महर्षि दधीचि आश्रम के विकास तथा अमृत सरोवरों के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। उपमुख्यमंत्री ने इन सभी जनहित के मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी को नियमानुसार और विधिवत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस उच्चस्तरीय बैठक में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, समिति के उपाध्यक्ष द्वय रंजीत कुमार सिंह एवं अल्ताफ आलम राजू, विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह, विधायक जनक सिंह, जितेंद्र राय, कृष्ण कुमार मंटू, सुरेंद्र राम, विनय सिंह, रणधीर सिंह, छोटी कुमारी और करिश्मा उपस्थित थीं। इसके अलावा जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी, उप महापौर रागिनी कुमारी, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, उपविकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्त्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त रंजीत कुमार सहित समिति के अन्य सदस्यगण, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं भूमि सुधार उपसमाहर्त्ता मुख्य रूप से उपस्थित थे।
---------------

