मैनपुरी : करहल विधानसभा सीट से बसपा के उम्मीदवार बने अवनीश कुमार शाक्य

मैनपुरी, 19 अक्टूबर(हि.स.) उत्तर प्रदेश की करहल विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बसपा ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है। बसपा ने इस सीट से चुनाव लड़ने के लिए अवनीश कुमार शाक्य को उम्मीदवार बनाया है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यहां से तेज प्रताप यादव के नाम पर मुहर लगायी है। सपा-कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। वहीं भाजपा ने अभी अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। बसपा ने इस सीट पर अवनीश कुमार शाक्य के नाम पर मुहर लगाई है। टिकट का ऐलान होने के बाद अवनीश ने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। इस समय अवनीश भोगांव विधानसभा के प्रभारी हैं। वह बसपा के विधानसभा सचिव भी रह चुके हैं। करहल में यादवों के बाद शाक्य समुदाय के मतदाता सबसे अधिक हैं।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की नौ विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाला है। भारतीय चुनाव आयोग ने उपचुनाव कराने के लिए तारीखों का ऐलान भी कर दिया है। चुनाव आयोग के अनुसार, 9 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि, 23 नवंबर को उपचुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।

सपा मुखिया अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। अखिलेश ने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज से चुनाव लड़ा था। अखिलेश इस सीट से जीतकर सांसद बने।

यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने शनिवार को कहा कि, उपचुनाव को लेकर हमारी पूरी तैयारी है। यूपी में भाजपा की सदस्यता अभियान के दौरान भी हम लोगों ने इन सीटों पर ध्यान केंद्रित किया था। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस हताशा और निराशा में हैं। उन्होंने कहा था जहां तक समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की बात है, उनकी कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। नौ विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव में सपा सात सीटों पर चुनाव लड़ रही है और दो सीट कांग्रेस के खाते में गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

   

सम्बंधित खबर