
भागलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। जिले के तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित बिल्डर के कार्यालय से गुरुवार को पुलिस ने शव बरामद किया है। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान नीलकंठ नगर हवाई अड्डा के पास रहने वाले बजरंगी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पत्नी द्वारा काफी देर तक फोन करने के बावजूद बजरंगी ने फोन नहीं उठाया। जिसके बाद उनकी पत्नी कार्यालय पहुंचीं, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था और काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसकी सूचना तिलकामांझी थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बंद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
कमरे के भीतर बजरंगी का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है और परिजन सहित अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------

