रांची ट्रैफिक पुलिस ने जून में काटे 1,24,144 चालान, लगाया 9.50 करोड़ जुर्माना
- DSS Admin
- Jul 01, 2026
रांची, 01 जुलाई (हि.स.)। रांची में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में जून में 9.50 करोड़ के चालान जारी हुए हैं। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ जोरदार कार्रवाई की जा रही है। एक जून से 30 जून तक चले विशेष अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 1,24,144 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की और लगभग 9.50 करोड़ रुपये के जुर्माना लगाया है।
रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बुधवार को इस मामले में जानकारी देते हुए बताया कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त है। ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए पहले जागरुकता अभियान चलाया गया था, अब चालान काटा जा रहा है। यह कार्रवाई शहर के लगभग हर प्रमुख चौक-चौराहे और व्यस्त मार्गों पर नियमित निगरानी के साथ की गई है।
ट्रैफिक पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट दोपहिया चालकों के खिलाफ काटे गए। इसमें 58,743 मामले सामने आए हैं। वहीं अवैध पार्किंग कर यातायात बाधित करने पर 50,500 चालान काटे गए। रेड लाइट उल्लंघन (लाल बत्ती पार करने) के 4,612 चालान काटे गए, तेज गति से वाहन चलाने (ओवरस्पीड) के 2,118 चालान काटे गए, अतिरिक्त सवारी बैठाने पर 1,359 चालान, नो-एंट्री का उल्लंघन करने पर 1,312 चालान और गलत दिशा में वाहन चलाने पर 866 चालकों के खिलाफ चालान काटे गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस के कार्यालय से मिले आंकड़ों के मुताबिक अभियान के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस चलाना, वाहन बीमा न रखना, सीट बेल्ट न पहनना, शराब पीकर वाहन चलाना, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग, प्रदूषण प्रमाणपत्र न होना, काली फिल्म (टिंटेड शीशे) और संशोधित साइलेंसर लगाने जैसे कई उल्लंघनों पर भी सख्ती दिखायी गई है। कुल 44 ऑटो चालकों पर कार्रवाई हुई और 22 मामलों में नंबर प्लेट संबंधित परिवर्तन-उल्लंघन पकड़ा गया। 765 मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई और 831 गंभीर मामलों में अभियोजन कर सीधे न्यायालय भेजा गया है।
ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क पर अनुशासन कायम करने, दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरुकता लाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होती रहेगी। यातायात विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे हेलमेट जरूर लगाएं और सीट बेल्ट जरूर पहनें, रेड लाइट का सम्मान करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और अवैध पार्किंग सहित अन्य नियमों का उल्लंघन न करें।
---------------

