सरकारी बसों में मिलेगी नि:शुल्क यात्रा सुविधा - मंत्री अग्निमित्रा पाल

पश्चिम बर्दवान, 01 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा महिलाओं के लिए सरकारी बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा परिसेवा सोमवार से पूरे राज्य में शुरू कर दी गई। इसी क्रम में सोमवार को आसनसोल सिटी बस स्टैंड में इस योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। भाजपा विधायक एवं मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी महिलाओं के लिए शुरू की गई इस नि:शुल्क बस सेवा का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। सोमवार को उन्होंने स्वयं सरकारी बस में यात्रा कर महिला यात्रियों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास किया।

जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने बताया कि एक जून से जिले के दोनों सरकारी बस डिपो—आसनसोल और दुर्गापुर में यह सुविधा लागू कर दी गई है। राज्य सरकार की सभी सरकारी बसों में महिलाओं को नि:शुल्क यात्रा का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल 11 प्रकार के सरकारी मान्यता प्राप्त पहचान पत्रों को स्वीकार किया जाएगा। भविष्य में राज्य सरकार महिलाओं के लिए एक स्थायी स्मार्ट कार्ड जारी करेगी, जिसके माध्यम से वे किसी भी सरकारी बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड, केंद्र या राज्य सरकार द्वारा जारी फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों के पहचान पत्र दिखाकर महिलाएं इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी। पहचान पत्र दिखाने पर महिला यात्रि.यों को शून्य किराये (जीरो बैलेंस) का टिकट जारी किया जाएगा।

आसनसोल एसबीएसटी डिपो के प्रभारी संदीप कुमार घोष ने बताया कि आसनसोल सिटी बस स्टैंड से प्रतिदिन 50 से अधिक बसें ‘परिसेवा के तहत संचालित होती हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार इन बसों में महिला यात्रियों को नि:शुल्क टिकट उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना कामकाजी महिलाओं, छात्राओं तथा रोजाना यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगी।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए, ताकि वे आम लोगों के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझ सकें। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उन्हें भी कंडक्टर द्वारा शून्य बैलेंस का टिकट दिया गया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग होने से ईंधन की बचत होगी, यातायात का दबाव कम होगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने लोगों से निजी वाहनों की अपेक्षा बस, मेट्रो और ट्रेन जैसी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का अधिक उपयोग करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि महिलाओं को मुफ्त बस सेवा का लाभ मिलने से उनकी आर्थिक बचत होगी और आवागमन अधिक सुविधाजनक बनेगा। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय, डिविजनल मैनेजर प्रणव कुमार घोष सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर