भाविप : प्रयाग शाखा 14 मार्च को मनायेगा होली मिलन समारोह

प्रयागराज, 13 मार्च (हि.स.)। भारत विकास परिषद्, प्रयाग शाखा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह 14 मार्च को सिविल लाइन स्थित ज्वाला देवी इण्टर कॉलेज में सायं 5 से 7ः30 बजे तक धूमधाम से मनायेगा। जिसके मुख्य अतिथि उपभोक्ता संरक्षण आयोग, उप्र के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार होंगे।

यह जानकारी भारत विकास परिषद् के वरिष्ठ सीए डॉ नवीन चंद्र अग्रवाल ने देते हुए बताया कि परिषद् एक राष्ट्रीय, समाजसेवी, सांस्कृतिक एवं गैर राजनीति संगठन है। यह ऐसे संस्कारवान व सभ्यजनों का एक विशाल समूह है, जिनकी भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्शों में अविचल आस्था है और जो समाज में नई चेतना और जागृति लाना चाहता है। जिसके लिए संस्था सदैव कुछ न कुछ करती रहती है।

संस्था के संयोजक डॉ उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि भारत विकास परिषद् विगत 36 वर्षों से प्रयाग होली मिलन समारोह का आयोजन कर रहा है। जिसमें प्रयाग के गणमान्य नागरिक सम्मिलित होकर आयोजन को गौरवान्वित करते हैं। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर फनकार ग्रुप की संगीत प्रस्तुति भी होगी। कार्यक्रम में परिषद् की अध्यक्ष डॉ अल्पना अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डॉ सुनील कान्त मिश्र, डॉ पुरूषोत्तम दास केसरवानी, डॉ विवेक भदौरिया एवं अरूण कुमार त्रिपाठी सहित अन्य कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

   

सम्बंधित खबर