यमुनानगर: कांग्रेस ने साजिश करके बाबा साहिब को चुनाव हराने का काम किया: राजीव सैजल

यमुनानगर, 25 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा जिला यमुनानगर द्वारा अम्बेडकर भवन यमुनानगर में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ‘सम्मान समारोह सभा का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के हिमाचल प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व कैबिनेट स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम में उन्होंने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ,नगर निगम महापौर सुमन बहमनी के साथ बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम से पूर्व पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में मारे गए 26 निर्दोष देशवासियों को दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धांजलि अर्पित कि गई।

शुक्रवार को इस मौके पर हिमाचल प्रदेश सरकार में पूर्व कैबिनेट स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल ने कहा कि धारा 370 के टूटने के बाद कश्मीर जिस तरह फल फूल रहा है, आतंक के आकाओं को सहन नहीं हुआ। देश के हर व्यक्ति को इस आतंकी हमले का दुःख है और जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला करने का जो दुस्साहस किया है, इस हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ नाइंसाफी की और उनका अपमान किया। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि बाबा साहेब सरकार में रहें और कांग्रेस ने कभी नहीं चाहा की बाबा साहेब संविधान ड्राफ्टिंग कमेटी के चेयरमैन बनें, बाबा साहेब अपनी काबिलियत से संविधान प्रारूप कमेटी के चैयरमैन बने । 1952 और 1954 चुनाव में कांग्रेस ने साजिश करके बाबा साहेब को चुनाव हरवाने का काम किया। कांग्रेस ने दिल्ली में बाबा साहेब के संस्कार के लिए जगह नहीं दी जबकि भाजपा की मोदी सरकार ने बाबा साहेब को सम्मान देते हुए उनसे जुड़े 5 स्थलों -पंचतीर्थ- को विकसित करने का काम किया।

यमुनानगर से भाजपा विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस ने खुद अपने नेताओं को भारत रत्न सम्मान दिए लेकिन बाबा साहेब जैसे महापुरुष को भारत रत्न नहीं दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि कांग्रेस सदा ही दलितों और पिछड़ों के आरक्षण के खिलाफ रही, बाबा साहेब के खिलाफ रही और हमेशा संविधान के खिलाफ रही । 1975 के आपातकाल का काला अध्याय आप सब जानते हैं कैसे सत्ता के लिए संविधान की हत्या करने का काम किया, मीडिया को सेंसर कर दिया, लोगों के मूल अधिकारों को ख़त्म कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग

   

सम्बंधित खबर