बालाघाटः कुएं में मिले पिता और दो बच्चों के शव, मरने से पहले वॉट्सएप स्टेटस लगाया-'नहीं है जिंदा रहने की आरजू'
- DSS Admin
- May 13, 2026
बालाघाट, 13 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जरामोहगांव में बुधवार को एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों के शव कुएं में तैरते हुए मिले। दोनों बच्चों के शव पिता के शरीर से गमछे में बंधे हुए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जरामोहगांव निवासी श्याम नागेन्द्र पुत्र भागवत और उसके दोनों बच्चे- बेटा वंश (5) और बेटी भूरि (3) के रूप में हुई है। मृतक श्याम एलआईसी एजेंट था। कुएं में कूदने से पहले उसने सोशल मीडिया (व्हाट्सएप) पर एक स्टेट्स लगाया था- नहीं है जिंदा रहने की आरजू, नहीं चाहिए कोई वादा या रिश्ता।
पुलिस के अनुसार, श्याम नागेन्द्र मंगलवार रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच अपने दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने चिंता व्यक्त की। गांव में दो शादियां होने के कारण पहले उन्हें लगा कि श्याम बच्चों को लेकर शादी में गया होगा, लेकिन देर रात वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में पट मैदान के पास उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने भी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर बिना मुंडेर के एक कुएं के पास श्याम की चप्पलें मिलीं। बुधवार सुबह उसी कुएं में तीनों के शव दिखाई दिए।
जानकारी मिलते ही घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाट के सहारे श्याम और उसके बच्चों वंश और भूरि के शवों को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तीनो की मौत की हर एंगल से जांच करने की बात कह रही है।
क्षेत्र के एसडीओपी विकास सिंह ने बताया कि कुंए से पिता और उसके दो बच्चों का शव बरामद हुए हैं। मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी।
---------------

