'कॉकटेल-2' से 'बंधु 2.0' गाना रिलीज, रीमेक ट्रेंड पर फिर उठे सवाल
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
अभिनेता शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सैनन की फिल्म 'कॉकटेल 2' का नया गीत 'बंधु 2.0' रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। यह गीत 'कॉकटेल' के लोकप्रिय गाने 'बंधु' का रीक्रिएटेड संस्करण है। हालांकि गाना यूट्यूब पर तेजी से देखा जा रहा है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसके रीमेक होने को लेकर बहस भी छिड़ गई है। कई दर्शकों का मानना है कि बॉलीवुड में पुराने लोकप्रिय गीतों को बार-बार नए रूप में पेश करने का चलन मौलिक संगीत की कमी को दर्शाता है।
गीत में शाहिद, कृति और रश्मिका का ऊर्जावान डांस और ग्लैमरस अंदाज देखने को मिलता है, लेकिन कुछ प्रशंसकों का कहना है कि नया संस्करण मूल गीत की भावनात्मक गहराई और ताजगी को दोहराने में सफल नहीं रहा। खास बात यह है कि गाने की शुरुआत में शाहिद कपूर का संवाद रीमेक गाना मत करो, जनता ट्रोल कर देगी भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है, जिसे कई लोग निर्माताओं की ओर से आलोचना को पहले ही स्वीकार करने की कोशिश के रूप में देख रहे हैं।
'बंधु 2.0' को कविता सेठ और नीरज श्रीधर ने आवाज दी है। गीत के बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं और संगीत प्रीतम ने दिया है। हालांकि एक वर्ग गाने की प्रस्तुति और कलाकारों की ऊर्जा की सराहना कर रहा है, वहीं दूसरा वर्ग इसे अनावश्यक रीमेक बताते हुए नए और मौलिक संगीत की मांग कर रहा है। ऐसे में 'बंधु 2.0' ने रिलीज के साथ ही प्रशंसा के साथ-साथ आलोचना भी बटोरनी शुरू कर दी है।
---------------

