भारत में घुसने की कोशिश के आरोप में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
सिलीगुड़ी, 4 जून (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमा पर भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई खोरीबाड़ी के पानीटंकी स्थित भारत-नेपाल सीमा पर तैनात (एसएसबी) सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने की।
जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान एसएसबी जवानों ने संबंधित व्यक्ति के दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसका वीजा समाप्त पाया गया। इसके बाद अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के प्रयास के आरोप में उसे हिरासत में लेकर खोरीबाड़ी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद मुक्तार हुसैन के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के ढाका जिले के नवाबगंज क्षेत्र का निवासी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वह वर्ष 2023 में वैध दस्तावेजों के साथ भारत आया था। कोलकाता में रहने के दौरान उसके वीजा की अवधि समाप्त हो गई। इसके बाद वह कथित तौर पर दलालों के संपर्क में आकर नेपाल चला गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि हाल ही में राज्य में अवैध घुसपैठियों की पहचान, निष्कासन और निर्वासन को लेकर चल रही कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद वह सीमा के रास्ते दोबारा भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था।
एसएसबी की शिकायत के आधार पर खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुरुवार सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

