ऑनलाइन ठगी के शिकार युवक के खाते में आयी पूरी रकम, साइबर सेल ने दिलाई राहत
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
मीरजापुर, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चील्ह साइबर सेल टीम एक पीड़ित की 18 हजार रुपये की ठगी गई धनराशि वापस कराने में सफल हुई है। खाते में रकम वापस आने पर पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
चील्ह क्षेत्र के कोल्हुआ शाह गांव निवासी अखिलेश दुबे ने 5 जनवरी को एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि टेलीग्राम के माध्यम से अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर अज्ञात साइबर ठगों ने उनसे धनराशि हड़प ली थी।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना चील्ह साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच करते हुए संबंधित धनराशि को समय रहते होल्ड कराया। जांच और आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पीड़ित के खाते में 18 हजार रुपये वापस करा दिए गए।
रकम वापस मिलने पर अखिलेश दुबे ने साेमवार काे थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा उनके प्रयासों की सराहना की। इस दौरान पुलिस टीम ने पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। साथ ही उनसे अपील की गई कि वे अन्य लोगों को भी साइबर अपराधियों के झांसे में न आने के लिए जागरूक करें।
---------------

