नेपाल में अवैध रूप से रह रहे 24 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी
- DSS Admin
- Jun 24, 2026
काठमांडू, 24 जून (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू के सितापाइला, डल्लु और आसपास के क्षेत्रों से पुलिस ने 24 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। ये नागरिक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना नेपाल में रह रहे थे।
जिला प्रहरी परिसर काठमांडू के एसपी एवं प्रवक्ता पवन कुमार भट्टराई के अनुसार गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों के पास वैध पासपोर्ट नहीं थे, जबकि कुछ के पर्यटक वीज़ा की अवधि भी समाप्त हो चुकी थी। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि गिरफ्तार किए गए सभी बांग्लादेशी नागरिक स्थानीय कपड़ा कारखानों में काम कर रहे थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन्हें रोजगार किस माध्यम से मिला और इनके दस्तावेज की जांच संबंधित संस्थानों ने की थी या नहीं।
गिरफ्तारी के बाद सभी 24 नागरिकों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए अध्यागमन विभाग को सौंप दिया गया है। अब विभाग उनके दस्तावेज, नेपाल में प्रवेश की स्थिति और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर निर्णय करेगा। इसके बाद काठमांडू में विदेशी नागरिकों के दस्तावेज़ और अवैध रूप से रहने वालों पर निगरानी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीज़ा अवधि समाप्त होने के बाद नेपाल में अवैध रूप से रहने या बिना वैध दस्तावेज़ के काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------

