बेंगलुरु-तुमकुर रेलखंड पर इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम उन्नयन को मंजूरी, 162.57 करोड़ रुपये खर्च होंगे
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
नई दिल्ली, 08 जून (हि.स.)। भारतीय रेल ने कर्नाटक के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में शामिल बेंगलुरु-तुमकुर खंड पर रेल क्षमता और परिचालन दक्षता बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम के उन्नयन को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना दक्षिण पश्चिम रेलवे के अंतर्गत 120 ट्रैक किलोमीटर (टीकेएम) लंबे रेलखंड पर लागू की जाएगी।
रेल मंत्रालय के अनुसार परियोजना के तहत मौजूदा 1x25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम को आधुनिक 2x25 केवी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम में परिवर्तित किया जाएगा। इस परियोजना की स्वीकृत लागत 162.57 करोड़ रुपये है।
बेंगलुरु-तुमकुर रेलखंड रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हाईली यूटिलाइज्ड नेटवर्क (एचयूएन) रूट-10 का हिस्सा है, जो पुणे-हुब्बली-चिकजाजुर-बिरूर-तुमकुर-बेंगलुरु-सेलम-कन्याकुमारी रेल कॉरिडोर के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्रों को जोड़ता है।
रेलवे के अनुसार, 2x25 केवी सिस्टम अपनाने से ट्रेनों के संचालन के लिए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और मजबूत होगी, जिससे इस मार्ग पर अधिक यातायात को कुशलतापूर्वक संभाला जा सकेगा। उन्नत प्रणाली भारी मालगाड़ियों और लंबी दूरी की यात्री ट्रेनों के संचालन में भी सहायक होगी तथा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन सिस्टम की विश्वसनीयता बढ़ाएगी।
परियोजना के पूरा होने पर बेंगलुरु महानगर क्षेत्र और आसपास के जिलों को सेवा देने वाले इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर भीड़भाड़ कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही कर्नाटक और दक्षिण भारत में यात्री तथा माल यातायात की आवाजाही अधिक सुगम और तेज होगी।
भारतीय रेलवे ने कहा कि यह परियोजना उसके इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने, नेटवर्क क्षमता बढ़ाने और व्यस्त रेल कॉरिडोरों पर बेहतर परिचालन सुनिश्चित करने के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगी।
---------------

