होल्डिंग सेंटर में लाए गए 26 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक

जलपाईगुड़ी, 12 जून (हि.स.)। राज्यभर में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच शुक्रवार को जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज स्थित फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर में 26 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को लाकर अस्थायी रूप से रखा गया। इनमें 15 महिलाएं, सात बच्चे और चार पुरुष शामिल है।

जानकारी के मुताबिक, ये सभी करीब तीन से चार साल पहले अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे। सीमावर्ती क्षेत्रों से गैरकानूनी तरीके से प्रवेश करने के बाद ये लोग यहां रिक्शा चलाने, पेंटिंग जैसे छोटे-मोटे कामों से जुड़े हुए थे। इस दौरान कई लोगों के परिवार भी यहीं बस गए और बच्चों का जन्म भी यहीं हुआ।

सूत्रों के अनुसार, राज्य में नए निर्देश जारी होने के बाद अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें प्रत्येक जिले में बनाए गए होल्डिंग सेंटर में रखने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसी क्रम में इस्लामपुर इलाके से बस के जरिए इन लोगों को फाटापुकुर लाया गया।

फाटापुकुर होल्डिंग सेंटर को अस्थायी रूप से पूरी तरह सुरक्षित किया गया है। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और चारों ओर टिन की घेराबंदी की गई है। अंदर रहने, खाने और शौचालय की व्यवस्था भी की गई है।

सुरक्षा के मद्देनजर सेंटर में 24 घंटे पुलिसकर्मी और सिविक वालंटियर तैनात किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक सभी को यहीं रखा जाएगा।

   

सम्बंधित खबर