मैट्रिमोनियल साइट पर शादी का झांसा देकर ठगी करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

15 महिलाओं से शादी करने का आरोप

कोलकाता, 03 जून (हि. स.)। कोलकाता पुलिस ने एक युवक को मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए महिलाओं से दोस्ती कर शादी का झांसा देकर पैसे और गहने ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित ने इसी तरह कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया और कथित तौर पर 15 महिलाओं से शादी की।

पुलिस के द्वारा बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान मध्य कोलकाता के बउबाजार निवासी मतीउर रहमान के रूप में हुई है। वह मैट्रिमोनियल साइटों पर खुद को माणिक रॉय नाम से पंजीकृत करता था। इसी नाम से उसकी पहचान उत्तर 24 परगना जिले के नैहाटी की एक युवती से हुई थी।

आरोप है कि मतीउर ने खुद को एक उच्च वेतन वाली नौकरी में कार्यरत बताते हुए दावा किया था कि उसकी वार्षिक आय 1.5 करोड़ रुपये है। शादी के सपने दिखाकर उसने युवती और उसके परिवार का विश्वास जीत लिया। कुछ समय बाद उसने विभिन्न बहानों से युवती पर पैसे और सोने के आभूषण देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

शिकायतकर्ता युवती का आरोप है कि उसने आरोपित को 85 हजार रुपये नकद, एक सोने का ब्रेसलेट और अन्य कीमती सामान दिया। शुरुआत में उसे किसी प्रकार का संदेह नहीं हुआ।

बाद में आरोपित ने अपने एक रिश्तेदार की मृत्यु का बहाना बनाकर फिर से पैसों की मांग की। उसने युवती को एक बैंक खाते में पैसे भेजने के लिए कहा और बताया कि उसका रिश्तेदार मुंबई में रहता था। इसी दौरान युवती को कुछ ऐसी जानकारी मिली, जिससे उसे संदेह हुआ कि आरोपित का वास्तविक घर पूर्व बर्दवान जिले में है।

संदेह गहराने पर युवती ने आरोपित के सोशल मीडिया खातों की जांच की, जहां उसे कई अन्य महिलाओं के बारे में जानकारी मिली। जब उसने उनसे संपर्क किया, तो कथित तौर पर पता चला कि आरोपित सभी महिलाओं से एक जैसी बातें करता था और उनसे पैसे ऐंठता था। कुछ महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित ने उनसे शादी की थी।

इसके बाद युवती ने पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंगलवार रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपित ने कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया तथा धोखाधड़ी का नेटवर्क कितना बड़ा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर