पति ने की थी पत्नी की हत्या, फाेन पर अधिक बात करने से परेशान था पति
- Admin Admin
- Apr 16, 2025

बाराबंकी, 16 अप्रैल (हि.स.)। कोठी थाना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व घर के अंदर मिले गर्भवती महिला के शव मामले में पुलिस ने बुधवार को हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया है। पति ने धारदार हथियार से गला रेतकर महिला की हत्या की थी।
बीते 10 अप्रैल को लाला पुरवा सेमरावा गांव में घर के अंदर खून से लथपथ गर्भवती महिला राजकुमारी का शव मिला था। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था। एसपी ने स्वाट,सर्विलांस सेल के टीम के साथ कोठी थाना पुलिस को हत्या के खुलासे के लिए लगाया गया था। पूरे मामले के छानबीन के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पति सूर्य लाल को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि राजकुमारी का चार वर्ष पहले सूर्य लाल के साथ विवाह हुआ था। वह गर्भवती थी। राजकुमारी अक्सर फोन पर काफी देर—देर तक बात करती थी। इसको लेकर सूर्यलाल मना करता था तो उससे लड़ाई—झगड़ा करने लगती थी। इसी बात से नाराज होकर सूर्य लाल ने हत्या की योजना बनाई और मौका देखकर धारदार हथियार से पत्नी के गले पर हमला करके हत्या कर दी थी। हालांकि वह शव को भी ठिकाने लगाना चाहता था, लेकिन कामयाब ना हो सका। आरोपी ने पूछताछ के दौरान हत्या की बात स्वीकार की है और उसकी निशान देही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया आला कत्ल भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपित के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी