
कोलकाता, 08 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले कोलकाता स्थित विधानसभा परिसर को पूरी तरह सजाया और संवारा जा रहा है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में साफ-सफाई, रंग-रोगन और मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। साथ ही पूर्व मंत्रियों के नेमप्लेट हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह एक सामान्य प्रक्रिया है, जो नई सरकार के गठन से पहले पूरी की जाती है।
सूत्रों का कहना है कि शपथ ग्रहण समारोह को भव्य रूप देने के लिए पूरे परिसर को नया स्वरूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को भी अत्यंत कड़ा कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सभी तैयारियां की जा रही हैं।
इधर, राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता पहुंच चुके है। वे आज दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर उसके बाद एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बैठक में शामिल होंगे।
बताया जा रहा है कि इस बैठक में राज्य की नई सरकार के स्वरूप, संभावित नेतृत्व और आगे की रणनीति पर चर्चा हो सकती है।
शपथ ग्रहण समारोह को कोलकाता के ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित की जाएगी, जहां बड़े पैमाने पर राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल सकता है।
फिलहाल पूरे राज्य की नजर इस शपथ ग्रहण समारोह और नई सरकार के गठन पर टिकी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

