जींद : कारोबारी तथा उसके नौकर को हनी ट्रैप में फांस मांगे तीस लाख

सदर थाना जींद।


जींद, 01 जुलाई । सदर थाना पुलिस ने एक कारोबारी तथा उसके नौकर को हनी ट्रैप में फंसा तीस लाख रुपये ऐंठने की शिकायत पर तीन महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सदर थाना क्षेत्र के एक कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दुकान पर गांव घिमाना का एक युवक कार्य करता है। उसके कहने पर उसने एक महिला को काम पर रख लिया। इसके बाद महिला ने बहाने बनाते हुए उससे रुपये लेने शुरू कर दिए। जो राशि दो लाख रुपये तक पहुंच गई।

जब उसने रुपये वापस मांगे तो उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी। समझौता करने के लिए उसे नए बस अड्डे पर बुलाया गया। जहां महिला के साथ दो अन्य महिलाएं भी थीं, तीनों ने उसे समझौते के लिए तीस लाख रुपये नकद तथा महिला को स्थायी तौर पर नौकरी पर रखने की बात कही। तब उसने महिलाओं की बातों को रिकार्ड कर पुलिस को अवगत करवाया।

सदर थाना पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर तीनों आरोपित महिलाओ के खिलाफ ब्लैकमेल करने, अवैध वसूली करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।

बुधवार को जानकारी देते हुए सीआरएयू चौकी प्रभारी राजेश कुमारी ने बताया कि कारोबारी तथा उसके नौकर के हनी ट्रैप में फांस ब्लैकमेल करने की शिकायत मिली थी। फिलहाल तीन महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर