हिसार : बच्चे हो या बड़े, अपने स्वास्थ्य पर अवश्य ध्यान दें : वंदना बिश्नोई

एनएसएस इकाई ने किया ‘स्वास्थ्य जागरूकता अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना एवं विश्वविद्यालय महिला क्लब के सौजन्य से ‘स्वास्थ्य जागरूकता अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय की प्रथम महिला डा. वंदना बिश्नोई कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रही जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ अंजू गुप्ता व विश्वविद्यालय महिला क्लब की अध्यक्षा प्रो. सुजाता सांघी ने की।

मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की प्रथम महिला डा. वंदना बिश्नोई ने झुग्गी झोपड़ियों में रह रहे लोगों से बातचीत की और उनको स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। उन्होंने लोगों को शिक्षा के प्रति भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हमारे शरीर में अधिकतर कीटाणु हमारे हाथों के रास्ते हमारे शरीर में फैलते हैं। इसीलिए अपने हाथों को साफ रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने बच्चों को बताया कि खाना खाने से पहले और बाद में हाथ धोना बहुत जरूरी है। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन नहाने और दांतों की अच्छे से सफाई के लिए भी प्रेरित किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना की समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने बताया कि यह अभियान सेक्टर-14 के झुग्गी झोपड़ियों मे रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए चलाया गया है। उन्होंने बताया कि सुरक्षित पेयजल व स्वच्छता मानव स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए महत्वपूर्ण हैं।

विश्वविद्यालय महिला क्लब की अध्यक्षा प्रो. सुजाता सांघी ने बताया कि इस अभियान में विश्वविद्यालय महिला क्लब की 10 महिलाओं एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के 70 स्वयंसेवकों ने लगभग 150 परिवारों को स्वास्थ्य किट वितरित की और उन्हें स्वास्थ्य के संबंधित जानकारी दी गई। अभियान के दौरान विश्वविद्यालय महिला क्लब से डॉ. सुमन बहमनी, डॉ. संध्या गोदारा, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनीता, डॉ. कल्पना व डॉ. सुनीता आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

   

सम्बंधित खबर