बेलदा को नया महकमा बनाने और नारायणगढ़ ब्लॉक के विभाजन का प्रस्ताव
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
पश्चिम मेदिनीपुर, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले में बेलदा को नया महकमा बनाने और नारायणगढ़ ब्लॉक को दो हिस्सों में विभाजित करने की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही है। इस संबंध में बुधवार को जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की।
जिलाधिकारी बिजिन कृष्णा ने बेलदा बीडीओ कार्यालय के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान खड़गपुर के महकमा शासक ज्योति घोष, नारायणगढ़ के विधायक रमाप्रसाद गिरि तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद बीडीओ कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बुधवार शाम बैठक के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि बेलदा को नया महकमा बनाने और नारायणगढ़ ब्लॉक के पुनर्गठन का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा रहा है। राज्य सरकार की मंजूरी मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रस्ताव के अनुसार, नारायणगढ़, दांतन-एक, दांतन-दो, केशियाड़ी और मोहनपुर ब्लॉकों को मिलाकर नया बेलदा महकमा बनाया जाएगा, जिसका मुख्यालय बेलदा में होगा।
इसके अलावा, केलेघाई नदी को आधार मानकर नारायणगढ़ ब्लॉक को दो भागों में विभाजित करने का प्रस्ताव है। नदी के एक ओर के क्षेत्र को नारायणगढ़ ब्लॉक के रूप में रखा जाएगा, जबकि दूसरी ओर के क्षेत्र का नाम स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी हेमचंद्र कानूंगो के सम्मान में हेमचंद्र रखने का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
बुधवार रात विधायक रमा प्रसाद गिरी ने बताया कि पहले की सरकारों ने इस मांग पर केवल आश्वासन दिया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने बताया कि क्रांतिकारी हेमचंद्र कानूंगो की स्मृति को सम्मान देने के लिए नए ब्लॉक का नाम उनके नाम पर रखने का प्रस्ताव दिया गया है।
---------------

