पुलिस का ‘बरमूडा मॉडल’, बीजपुर में गिरफ्तार तृणमूल युवा नेता को रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया

उत्तर 24 परगना, 28 मई (हि.स.)। जिले के बीजपुर इलाके में पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार तृणमूल युवा नेता बोनी को कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया। बनियान और बरमूडा पहने आरोपित को पुलिस जब इलाके में लेकर निकली तो स्थानीय लोगों ने “चोर-चोर” के नारे भी लगाए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के सिलसिले में गुरुवार को बोनी को बीजपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर-3 इलाके में ले जाया गया। इससे पहले उसे कांचरापाड़ा क्षेत्र में भी घुमाया गया था। सोमवार को पुलिस उसे रेलवे पुलिस क्वार्टर और नवीन पल्ली इलाके में भी लेकर गई थी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे पुलिस के क्वार्टरों पर बोनी का प्रभाव था और वहां कौन रहेगा, इसका फैसला वही करता था। आरोप है कि उन क्वार्टरों में असामाजिक गतिविधियां भी चलती थीं।

हालांकि बोनी ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने चोरी की है, वे भाग गए हैं। मैंने चोरी नहीं की, इसलिए मैं अभी भी यहीं हूं।

बताया जा रहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान बैरकपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह के साथ बोनी की बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में उसकी राजनीतिक सक्रियता और प्रभाव तेजी से बढ़ा था।

स्थानीय राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक, बाद में तृणमूल कांग्रेस में बोनी का तेजी से उभार हुआ। कांचरापाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन कमल अधिकारी के करीबी गुट से दूरी बढ़ने के बाद उसने पूर्व विधायक सुबोध अधिकारी और सांसद पार्थ भौमिक के करीबी नेताओं से संपर्क बढ़ाया था।

सरकार बदलने के बाद बीजपुर थाना पुलिस ने बोनी को एक पुराने हथियार मामले में गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे मंदारमणि से पकड़ा गया।

इससे पहले उत्तर हावड़ा के कुख्यात अपराधी आकाश सिंह को भी पुलिस इसी तरह बनियान और अंडरवियर में गलियों में घुमाकर ले गई थी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पदभार संभालने के बाद असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने की बात कही थी। इसके बाद से राज्यभर में अपराधियों और प्रभावशाली स्थानीय तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर