कर्मियों की मौत पर तृणमूल का आरोप, भाजपा ने किया खारिज

कोलकाता, 12 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में दो तृणमूल कांग्रेस कर्मियों की मौत के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। तृणमूल कांग्रेस ने इन घटनाओं के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाया है। तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया एक्स पर मृत दोनों कर्मियों का नाम और पता साझा करते हुए भाजपा समर्थित लोगों पर हमले का आरोप लगाया।

तृणमूल का आरोप है कि हुगली जिले के सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र के पोलबा-दादपुर खंड में पार्टी के एक कर्मी पर भाजपा समर्थित लोगों ने हमला किया। मृतक का नाम सोमनाथ आचार्य बताया गया है। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें कोलकाता के आर.जी. कर चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

इसी तरह नदिया जिले के चाकदह विधानसभा क्षेत्र के चाकदह खंड में तपन शिकदार नामक एक तृणमूल कर्मी को भी मारपीट में गंभीर रूप से घायल किए जाने का आरोप है। उन्हें भी आर.जी. कर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

दोनों कर्मियों की मौत के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि राज्य में मौतों की संख्या बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन मौन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या तृणमूल का समर्थन करना ही इन लोगों का अपराध था। उनका आरोप है कि घटना के बाद भी पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है और भाजपा नेता जीत के उत्सव में व्यस्त हैं।

हालांकि चाकदह के भाजपा विधायक बंकिम घोष ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि अभी तक कोई राजनीतिक झड़प की पुष्टि नहीं हुई है। यदि किसी व्यक्तिगत कारण से कोई घटना हुई है तो पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।

इस बीच हुगली के पोलबा क्षेत्र में हुई घटना को लेकर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

हुगली ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक सनी राज ने बताया कि महानाद गांव की घटना चुनाव बाद की हिंसा नहीं है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ लोग साथ बैठकर शराब पी रहे थे और उसी दौरान आपसी विवाद में मारपीट हो गई। मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि चार मई को घोषित विधानसभा चुनाव परिणाम में भाजपा को बहुमत मिला और उसके बाद से राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा नेतृत्व ने भी अपने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने और किसी प्रकार की हिंसा से दूर रहने की अपील की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर