नवादा के सीतामढ़ी में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
नवादा,03 जुलाई (हि.स.)
जिले के मेसकौर प्रखंड के सीतामढ़ी स्थित बांके दास प्रेरणास्थल परिसर में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को शुक्रवार को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घटना को लेकर प्रेरणास्थल समिति के सदस्यों ने सीतामढ़ी थाना में आवेदन देकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। समिति द्वारा दिए गए आवेदन में कहा गया है कि अज्ञात उपद्रवी एवं शरारती तत्वों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का हाथ क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
समिति के सदस्यों का कहना है कि संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के साथ की गई छेड़छाड़ समाज की भावनाओं को आहत करने वाली है। उन्होंने दोषियों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी, प्रतिमा की मरम्मत तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि इस घटना से क्षेत्र के विभिन्न वर्गों में नाराजगी है और लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। समिति ने प्रशासन से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया है।
इस संबंध में सीतामढ़ी थाना अध्यक्ष पप्पू शर्मा ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा दोषियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------

