पानीपत: समाज हित में किया गया प्रत्येक कार्य होता पुण्य का कार्य :मंत्री मनोहर लाल
- DSS Admin
- May 17, 2026
पानीपत, 17 मई (हि.स.)। केंद्रीय ऊर्जा, शहरी एवं आवास मंत्री मनोहर लाल ने रविवार को आर्य पीजी कॉलेज सभागार में सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस कार्यक्रम में क्षेत्र की बेटियों के शैक्षणिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
केंद्रीय मंत्री ने 104 छात्राओं को पानीपत क्षेत्र में तथा 143 छात्राओं को समालखा क्षेत्र में साइकिल वितरित की। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 1000 साइकिलों का वितरण करने की योजना बनाई गई है। इस कार्यक्रम में सिग्मा संस्था के अतुलनीय योगदान की प्रशंसा की। कैबिनेट मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि यह केवल साइकिल वितरण कार्यक्रम नहीं बल्कि बेटियों को आत्मनिर्भर और शिक्षित बनाने का अभियान है। जब समाज की संस्थाएं आगे आकर जरूरतमंद बच्चों और बेटियों के लिए कार्य करती हैं, तब समाज में संस्कार और संवेदनाएं मजबूत होती हैं। समाज हित में किया गया प्रत्येक कार्य पुण्य का कार्य होता है।
उन्होंने स्कूली छात्राओं और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि “पढ़ेंगी बेटियां, तभी आगे बढ़ेंगी बेटियां। बेटियों की शिक्षा केवल परिवार नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करती है। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद संजय भाटिया ने सामाजिक संस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि जब समाज और संस्थाएं मिलकर कार्य करती हैं, तब विकास की नई इबारत लिखी जाती है। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराना सबसे बड़ा सामाजिक निवेश है।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा, अनुरुद्ध, अंत्योदय फाउंडेशन ट्रस्टी एषणा कल्याण, फैला उजाला फाउंडेशन अध्यक्ष कुमारी रंजीता कौशिक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इसके अलावा कई अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
---------------

