कठुआ माधोपुर रेलखंड पर पुल 17 तैयार, 1 जून से दोनों ट्रैक पर दौड़ेंगी ट्रेनें

Big news, big relief: Bridge 17 on the Kathua Madhopur railway line is ready; trains will run on both tracks from June 1.


कठुआ, 29 मई । जम्मू-कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाले अहम रेल मार्ग पर रेलवे ने बड़ी तकनीकी सफलता हासिल की है। कठुआ माधोपुर सेक्शन में स्थित रेलवे पुल नंबर-17 का पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य अब लगभग पूरा हो चुका है।

पिछले वर्ष अगस्त 2025 में आई भीषण बाढ़ के कारण इस पुल का एक पिलर क्षतिग्रस्त हो गया था जिसके चलते पिछले करीब आठ महीनों से इस रूट पर रेल संचालन केवल एक ट्रैक के सहारे किया जा रहा था। इस वजह से 31 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा और कई सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ी थीं। अब रेलवे द्वारा डाउन लाइन का कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। 31 मई तक इंटरलॉकिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 जून 2026 से दोनों ट्रैकों पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। इसके साथ ही प्रभावित 31 ट्रेनों का नियमित संचालन बहाल हो जाएगा जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम व समयबद्ध हो सकेगी।

आगामी 3 जुलाई से शुरू होने वाली श्री अमरनाथ यात्रा को देखते हुए भी यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हर वर्ष देशभर से हजारों श्रद्धालु रेल मार्ग के जरिए जम्मू-कश्मीर पहुंचते हैं, ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी उनके लिए सुविधा और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार पुल को आधुनिक तकनीक और उच्च सुरक्षा मानकों के साथ पहले से अधिक मजबूत बनाया गया है। दोनों लाइनें शुरू होने से उत्तर भारत के बीच रेल संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। इसके साथ ही इस विकास कार्य से व्यापारिक गतिविधियों, आम यात्रियों और सैन्य रसद की आवाजाही को भी बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी बल्कि जम्मू-कश्मीर के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभाएगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर