बारुईपुर में 12 साल की नाबालिका से बलात्कार कर हत्या, गुस्साई भीड़ ने पकड़ा आरोपित
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
दक्षिण 24 परगना, 05 जुलाई (हि. स.)। जिले के बारुईपुर इलाके में एक 12 वर्षीय नाबालिका के साथ बलात्कार कर हत्या करने का आरोप लगा है। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक तालाब से उसका शव बरामद किया गया। रविवार सुबह इस घटना को लेकर इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक आरोपित को हिरासत में लिया है।
बारुईपुर थाना क्षेत्र के धपधपी-2 पंचायत के सूर्यपुर हाट इलाके में नाबालिका का शव मिला।
परिवार के अनुसार, वह शनिवार शाम चार बजे से लापता थी। खाना खरीदने का बहाना बनाकर वह घर से निकली थी। स्थानीय लोगों का दावा है कि चार युवकों ने उसे उठा लिया था। रविवार सुबह उसका शव बरामद हुआ।
रविवार सुबह से सूर्यपुर हाट इलाके में माहौल गरम है। गुस्साई भीड़ ने शव को रोककर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर बारुईपुर थाने की पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों ने प्रभास मंडल नामक एक आरोपित को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। बाकी आरोपितों की तलाश में पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
---------------

