बिहार कांग्रेस के एआई वीडियो को मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया शर्मनाक

नई दिल्ली, 12 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को बिहार कांग्रेस के एआई वीडियो को शर्मनाक बताते हुए उसकी निंदा की है। उन्होंने कहा कि जिस देश में महिलाओं को देवी का दर्जा दिया जाता है, वहां अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए बार‑बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां का अपमान करना कांग्रेस की गिरती मानसिकता का शर्मनाक उदाहरण है।

मंत्री सिरसा ने एक्स पोस्ट में कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस मोदी से नफरत करते-करते इस हद तक गिर गए हैं कि बार-बार उनकी दिवंगत मां का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस और गांधी परिवार के संस्कार और सोच देखकर हर भारतीय यही कह रहा है- मां का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है किस तरह से इस देश की मातृशक्ति और मातृत्व, कांग्रेस की घटिया राजनीति के निशाने पर है। धिक्कार है कांग्रेस की ऐसी ओछी राजनीति पर! धिक्कार है उन लोगों पर जो मातृत्व का अपमान कर अपनी राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि बिहार कांग्रेस के जरिए पोस्ट एआई जनरेटेड वीडियो में कथित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और उनकी दिवंगत मां जैसे दो किरदार दिखाई दे रहे हैं। 10 सितंबर को बिहार कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर इस एआई वीडियो को जारी किया था। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने इस वीडियो को मातृत्व का अपमान बताते हुए कांग्रेस पर हमला बोला था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

   

सम्बंधित खबर