बाइक साइकिल टक्कर के बाद घायल व्यक्ति की मौत

Maut

सुपौल, 18 मई (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सोमवार शाम जैसे ही उनका शव घर पहुंचा, पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पहचान पिपरा नगर पंचायत वार्ड संख्या-8 निवासी 55 वर्षीय सुधीर चंद्र नायक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगर पंचायत कार्यालय के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि वह सड़क पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज की उम्मीद में परिजन उन्हें नेपाल के एक न्यूरो अस्पताल लेकर गए, लेकिन जिंदगी बचाई नहीं जा सकी। इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव और आसपास के लोगों की भीड़ मृतक के घर पर जुटने लगी। हादसे के बाद परिजन शव लेकर पिपरा थाना पहुंचे, जहां पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर स्थानीय लोगों ने लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।

   

सम्बंधित खबर