द्वारका मोड़ हत्याकांड का चार घंटे में खुलासा, एक नाबालिग समेत तीन आरोपित पकड़े गए
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
नई दिल्ली, 02 जून (हि.स.)। द्वारका मोड़ इलाके में युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में बिंदापुर थाना पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपिताें को पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को सूचना मिली कि मोहन गार्डन निवासी सोनू कुमार की आईजीआई अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि सोनू कुमार पर द्वारका मोड़ स्थित केडी बैंक्वेट हॉल के पास कुछ लोगों ने हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल शाल सिंह के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही बिंदापुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर खून के निशान और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। एफएसएल विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर वैज्ञानिक जांच के लिए अहम साक्ष्य एकत्र किए।
प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बिंदापुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 285/2026 दर्ज की गई। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए डीडीयू अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
द्वारका जिला पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित कर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की। पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते वारदात के महज चार घंटे के भीतर तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान मोहन गार्डन नामेश पांडे उर्फ अमन और चिराग उर्फ अमन के रूप में हुई है। इनके अलावा 17 वर्षीय एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर हमले के कारणों और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है, लेकिन मामले की जांच अभी जारी है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और क्या वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे।
---------------

