हिसार में रोडवेज कर्मचारियों ने फूंका डिपो महाप्रबंधक का पुतला
- Vijesh Sharma
- Jun 01, 2026

महाप्रबंधक पर मांगों
को अनावश्यक रूप से लटकाने का जड़ा आरोप
हिसार, 01 जून
। रोडवेज के हिसार डिपो के कर्मचारियों अपनी लंबित मांगे पूरी न किए जाने से
नाराज होकर सोमवार को डिपो महाप्रबंधक का पुतला फूंका। कर्मचारियों ने जीएम के खिलाफ
जोरदार नारेबाजी करते हुए मांगों को बेवजह लटकाने का आरोप लगाया।
हिसार डिपो में
सांझा संघर्ष समिति के बैनर तले चल रहा धरना सोमवार को 18वें दिन भी जारी रहा। धरने
की अध्यक्षता जोगेंद्र पंघाल ने की, जबकि संचालन बजरंग लाखा ने किया। महाप्रबंधक का
पुतला दहन करते हुए कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं और बार-बार
ज्ञापन देने तथा आंदोलन करने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया
है। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के प्रति
प्रशासन गंभीर नहीं है, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा
कि जब तक मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
पुतला दहन कार्यक्रम
में सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लेते हुए एकजुटता का परिचय दिया और मांगों के शीघ्र
समाधान की मांग की। संघर्ष समिति नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय
नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा 6 जून से प्रस्तावित हड़ताल को पूरी
तरह सफल बनाया जाएगा। इस दौरान सांझा संघर्ष समिति हिसार डिपो के पदाधिकारी अमित जुगलान,
शिव कुमार श्योराण, नरेंद्र खरड़, अरुण शर्मा, जितेंद्र शर्मा, अनूप श्योकंद, कर्मवीर
मसूदपुर, संदीप जैनावास सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

