मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर नितिन नवीन के किया प्रदर्शनी का उद्घाटन
- DSS Admin
- Jun 09, 2026

नई दिल्ली, 09 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक बड़ी प्रदर्शनी लगाई गई है। इसका उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के नए युग में प्रवेश किया है तथा वे भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की दिशा में अग्रसर हैं। पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के लिए लगाई गई प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
नितिन नवीन ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए अवसर, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, डिजिटल परिवर्तन और बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के भाव और सेवा के प्रति समर्पण ने देश को परिवर्तन की नई दिशा दी है। साथ ही उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से साकार करने का संकल्प दोहराया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी एनडीए सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अवधि विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रही है। उन्होंने एक्स पर कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ युवाओं, महिलाओं और किसानों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किया गया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास से लेकर डिजिटल क्रांति तक भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार सेवा, सुशासन और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।
---------------

