पेयजल-बिजली संकट को लेकर भाजपा का आक्रोश मार्च, घड़ा फोड़कर किया विरोध प्रदर्शन

- सोरेन सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी

- जनता को प्यासी मारने चाहती है हेमंत सोरेन : रविन्द्र राय

खूंटी, 12 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जिले में पेयजल एवं बिजली समस्या को लेकर मंगलवार को आक्रोश मार्च निकाला और उपायुक्त कार्यालय के समक्ष घड़ा फोड़ कर आक्रोश व्यक्त किया। आक्रोश मार्च कचहरी मैदान से शुरु होकर उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शन के बाद उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा।

आक्रोश रैली में शामिल महिला और पुरुष कार्यकर्ता घड़ा और पार्टी झंडा लेकर शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय के समक्ष घड़ा फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रविन्द्र राय ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार लोगों को प्यासी मारने पर तुली हुई। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। घंटों विद्युत आपूर्ति ठप रहती है। उन्होंने कहा कि झारखंड का निर्माण भाजपा ने कराया है, इसलिए हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनकी समस्याओं को लेकर आवाज उठाएं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि हेमंत सरकार राज्य की जनता को बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध कराने में असफल है। उन्होंने कहा कि बिजली पानी की समस्या से तो जनता जूझ ही रही है, कानून व्यवस्था भी ध्वस्त हो चुकी है।

सरकार की नींद नहीं खुली तो भाजपा उग्र करेगी आंदोलन

पूर्व विधायक कोचे मुंडा ने कहा कि पूरे राज्य में अराजकता की स्थिति है। बिजली, पानी, स्वास्थ्य सड़क सभी की स्थिति खराब है। वर्षों से सड़कों का निर्माण कार्य अधूरा है। सरकार की नींद नहीं खुली तो भाजपा और उग्र आंदोलन करेगी। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष आनन्द कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो आदि कर रहे थे। प्रदर्शन में मुनेश्वर साहू, बालमुकुंद सहाय, जिला महामंत्री रुपेश जायसवाल, संतोष जायसवाल, प्रियांक भगत, निखिल कंडुलना, अर्जुन पाहन , विनोद धान, लखींद्र नायक, कैलाश राम, महावीर राम, सुबोध गुप्ता आदि मौजूद थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर