शेयर एंड मेक अवेयर नारे के साथ 14 मई ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का होगा आयोजन

अररिया 12 मई(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन एवं एसपी जितेंद्र कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में शेयर एंड मेक अवेयर के नारे के साथ सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के साथ मंगलवार को बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी स्वयंसेवकों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में आयोजित होने वाली आम सभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें तथा पंचायतवासियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के प्रति जागरूक करें।विशेष रूप से सांप काटने की घटनाओं से बचाव, बाढ़ के दौरान सतर्कता एवं सुरक्षा उपाय, डूबने की घटनाओं से बचाव, आग, भूकंप एवं अन्य प्राकृतिक तथा मानवजनित आपदाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने पर बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जागरूकता ही आपदा से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि ग्रामीण क्षेत्रों में समय रहते सही जानकारी उपलब्ध हो जाए तो जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से अपील की कि वे सरल एवं व्यवहारिक तरीके से सुरक्षा उपायों की जानकारी लोगों के बीच साझा करें तथा संभावित बाढ़ की स्थिति में समुदाय स्तर पर एक मजबूत सपोर्ट सिस्टम तैयार रखें।

वहीं मौके पर एसपी जितेन्द्र कुमार ने सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों के साथ डूबने एवं सांप काटने जैसी घटनाओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, प्राथमिक उपचार एवं समन्वित कार्य प्रणाली पर विशेष जोर दिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 14 मई को शाम 7 बजे से 7.10 तक आयोजित होने वाले ब्लैकआउट मॉकड्रिल के संबंध में सभी स्वयंसेवकों को तैयार रहने का निर्देश दिया। जिले के समस्त नगर क्षेत्रों में पूर्ण ब्लैकआउट रखा जाएगा।

मॉकड्रिल को सफल बनाने हेतु बिजली विभाग को 10 मिनट के लिए विद्युत आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने तथा अस्पतालों की खिड़कियों को ब्लैक पर्दों से ढंकने का निर्देश दिया गया है। वहीं सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 14 मई को आयोजित ब्लैकआउट मॉकड्रिल में पूर्ण सहयोग करें तथा निर्धारित अवधि के दौरान अपने मोबाइल फ्लैश, वाहन लाइट एवं अन्य अनावश्यक प्रकाश स्रोत बंद रखकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।

इस अवसर पर जिले के सभी वरीय अधिकारी मौजूद थे।

   

सम्बंधित खबर