पूर्णिया, 22 मई (हि.स.)। विधायक विजय खेमका ने पूर्णिया पूर्व प्रखंड के रजीगंज पंचायत क्षेत्र के भ्रमण के दौरान वार्ड संख्या-3 मटिया बड़ी मुसहरी महादलित टोला सहित कई स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को आगामी 2 जून को रजीगंज पंचायत भवन में लगने वाले सहयोग शिविर के प्रति जागरूक किया। विधायक ने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
विधायक ने बताया कि सहयोग शिविर में राशन कार्ड, जॉब कार्ड, हेल्थ कार्ड, म्यूटेशन, परिमार्जन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों के समाधान के लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन लिए जाएंगे। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर शिविर की जानकारी पर्याप्त रूप से नहीं पहुंचने की शिकायत विधायक के समक्ष रखी।
इस पर विधायक विजय खेमका ने प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार से दूरभाष पर बातचीत कर पंचायतों में आयोजित होने वाले शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने का आग्रह किया, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठा सकें। विधायक ने कहा कि एनडीए सरकार की प्राथमिकता सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान विधायक चांदी राजीगंज प्लस टू विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में भी शामिल हुए। बैठक में छात्रहित और विद्यालय विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु मिले सुझावों पर विधायक ने आवश्यक निर्माण कार्यों की स्वीकृति देने की बात कही।

