गुरुग्राम : बिजली का बटन दबाते ही गैस सिलेंडर में धमाका, मां- बेटा झुलसे
- Admin Admin
- Apr 22, 2025

- धमाके की आवाज सुनकर लोग घबराकर बाहर निकल आए
- सिलेंडर से गैस रिसाव माना जा रहा है घटना का कारण
गुरुग्राम, 22 अप्रैल (हि.स.)। पटौदी के बोहड़ाकलां गांव में मंगलवार को एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में मां और बेटा बुरी से तरह झुलस गए। दोनों लोगों को गंभीर अवस्था में पटौदी के अस्पताल में ले जाया गया जहां से उन्हें पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया। घटना सुबह छह बजे की है। फायर अधिकारी ललित के अनुसार प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर लीक पाया गया जिससे गैस का रिसाव होने से यह हादसा हुआ है।
जानकारी के अनुसार 25 वर्षीय दशरथ अपनी मां शांति देवी के साथ बोहड़ाकलांव गांव में किराए के मकान में रहता है। दशरथ मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और फास्ट फूड का काम करता है। हर रोज की तरह घर काम समाप्त कर मां और बेटा रात को गए। सुबह करीब छह बजे जब वे सोकर उठे और उन्होंने लाइट जलाई तभी जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोगों में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर बाहर निकल आए।
सिलेंडर में हुए धमका की वजह से आग लग गई और आग में दशरथ और उसकी मां शांति देवी बुरी तरह से झुलस गए। आग की सूचना फायर विभाग को दी गई। झुलसे हुए मां और बेटे को लोग पटौदी अस्पताल ले गए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक के लिए रेफर कर दिया। फायर अधिकारी ललित ने बताया कि एलपीजी सिलेंडर लीक था जिसके कारण गैस का रिसाव हो रहा था। घर में गैस एकत्रित हो गई। उन्होंने बताया कि जैसे ही दशरथ ने लाइट ऑन की सिलेंडर में जोरदार धमाके साथ आग लग गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर