सिरोही में मां-बेटे के कुएं में मिले शव, 16 घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाले

सिरोही, 18 मई (हि.स.)। जिले के मंडार थाना क्षेत्र के वरमान गांव में एक दर्दनाक घटना में मां और उसके चार वर्षीय बेटे के शव 120 फीट गहरे कुएं से बरामद किए गए। रविवार शाम हुई इस घटना के बाद करीब 16 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सोमवार सुबह एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस टीम ने दोनों शव बाहर निकाले।

मृतका की पहचान अलका (28) और उसके बेटे प्रतीक (4) के रूप में हुई है। घटना के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के भाई ने बताया कि अलका का पति देवाराम लंबे समय से मारपीट करता था तथा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि घटना वाले दिन भी पति ने अलका को जान से मारने की धमकी दी थी।

परिजनों के अनुसार शाम को अलका ने फोन कर चिल्लाते हुए बताया था कि ससुराल वाले उसे मार देंगे। जब परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग कुएं के पास खड़े मिले। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

मंडार थाना प्रभारी फगलू राम ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया। कुएं की गहराई, अंधेरा और पानी अधिक होने के कारण रात में शव निकालना संभव नहीं हो पाया। सोमवार सुबह एसडीआरएफ टीम ने दोबारा अभियान शुरू कर सुबह करीब 10:45 बजे दोनों शव बाहर निकाले।

ग्रामीणों के अनुसार प्रारंभिक प्रयास में कुछ स्थानीय लोगों को कुएं में उतारा गया, लेकिन दम घुटने के कारण उन्हें बाहर आना पड़ा। बाद में प्रशासन, सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की मदद से अभियान सफल हुआ। अलका की शादी आठ वर्ष पूर्व देवाराम से हुई थी। उसका एक अन्य एक वर्षीय बेटा भी है।

पुलिस ने पीहर पक्ष की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है।

---------------

   

सम्बंधित खबर