ब्रज क्षेत्र में होली का पारम्परिक उत्सव शुरू, आठ मार्च को लट्ठमार होली

लखनऊ, 06 मार्च (हि.स.)। मथुरा बृन्दावन समेत ब्रज क्षेत्र में होली का पारम्परिक एवं सांस्कृतिक उत्सव शुरू हो चुका है। इसी क्रम में विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली कल 07 मार्च को खेली जायेगी। इसके उपरान्त बहुचर्चित लट्ठमार होली 08 मार्च को मनायी जायेगी। इन दोनों पर्वों में शामिल होने देश विदेश से होली के शौकीन लोग पधारना शुरू कर दिये हैं। इसके लिए जिला प्रशासन जोर-शोर से तैयारी की है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने लखनऊ में दी।

पर्यटन मंत्री ने बताया कि उ0प्र0 के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लड्डू होली के दौरान लाडली जी के मंदिर में रहेंगे, इसके पश्चात राधा विहारी इंटर कालेज के प्रांगण में होली महोत्सव का विधिवत् शुरूआत करेंगे। बरसाना की रंगीली गली और राधा रानी के मंदिर में 08 मार्च को होली खेली जायेगी।

ब्रज में 40 दिन मनाई जाती है होली

ब्रज में होली 40 दिन मनाई जाती है। इसकी शुरूआत बसंत पंचमी से होती है। ब्रज की होली रंगों का उत्सव नहीं बल्कि भारत की गौरवशाली परम्परा और समृद्धि विरासत तथा भक्ति से जुड़ा हुआ अनूठा त्यौहार है। यहां लट्ठमार होली, फूलों की होली, हुरंगा जैसे आयोजन इसे खास बनाते हैं। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी ने ब्रज में होली खेली थी तभी से यह परम्परा चली आ रही है।

ब्रज की होली 2025 की मुख्य तिथियां

बरसाना में 07 मार्च को लड्डू होली, 08 मार्च को बरसाना में लट्ठमार होली, 9 मार्च नंदगांव में लट्ठमार होली, 10 मार्च वृंदावन में फूलों की होली, 10 मार्च को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंच पर होली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, 11 मार्च गोकुल में छड़ीमार होली, 13 मार्च होलिका दहन, 14 मार्च पूरे ब्रज में धुडेली, 15 मार्च दाऊजी और नदंगाव में हुरंगा, 18 मार्च मुखरई में चरकुला नृत्य एवं 22 मार्च रंगनाथ मंदिर में होली उत्सव का आयोजन किया जायेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

   

सम्बंधित खबर