भारी बारिश में दुधिया में पुल बहा, निरीक्षण पर पहुंचे दार्जिलिंग के सांसद
- DSS Admin
- Jun 19, 2026
दार्जिलिंग /सिलीगुड़ी, 19 जून (हि. स.)। उत्तर बंगाल में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बेहद गंभीर बना दिए है। कर्सियांग के दुधिया इलाके में बालासन नदी के तेज बहाव में अस्थायी पुल बह गया, जिससे सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच संपर्क पूरी तरह टूट गया है। घटना की सूचना पाकर दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बात की।
उन्होंने कहा कि हर साल बारिश में यहां नुकसान होता है और स्थायी समाधान के लिए बेली ब्रिज बनाने की मांग को सेना और राज्य सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रशासन ओर सेलोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम मौके पर तैनात है।
अधिकारियों का कहना है कि जलस्तर कम होते ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दूसरी तरफ दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरीशंकर पनिकर ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। भारी बारिश और भूस्खलन को देखते हुए दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
प्रशासन ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में भी यह पुल क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसके बाद अस्थायी व्यवस्था के तौर पर ह्यूम पाइप पुल बनाया गया था। लेकिन इस साल मानसून की शुरुआत में ही वह फिर से बह गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

