अपराधियों की अवैध संपत्ति पर चलेगा बुलडोजर, किशनगंज पुलिस ने तेज की कार्रवाई
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
किशनगंज, 22 जून (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए किशनगंज पुलिस ने नई रणनीति के तहत कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत अवैध रूप से संपत्ति अर्जित करने वाले बदमाशों की पहचान कर उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूर्व में चार आरोपियों के विरुद्ध अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले में कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया गया था। अब इस संबंध में सभी थानाध्यक्षों को न्यायालय में प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश दिया गया है। न्यायालय से अनुमति प्राप्त होने के बाद संबंधित आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, इस प्रक्रिया के तहत आरोपियों से उनकी अर्जित संपत्ति के स्रोत के बारे में जानकारी मांगी जाती है। यदि वे संपत्ति के वैध स्रोत का संतोषजनक प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाते हैं, तो न्यायालय के आदेश के बाद संपत्ति जब्त की जा सकती है।
एसपी संतोष कुमार की पहल पर जिले में पुलिसिंग को और अधिक सशक्त बनाने के लिए कई स्तरों पर कार्रवाई चल रही है। एक ओर लापरवाह पुलिस पदाधिकारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई जारी है, वहीं दूसरी ओर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस लगातार ऐसे लोगों को चिह्नित कर रही है, जिन्होंने आपराधिक गतिविधियों के जरिए अवैध संपत्ति अर्जित की है। इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूची तैयार करने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी और जिले में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी।

