पूर्व सपा विधायक इरफान सोलंकी और बकरा बाजार कमेटी के पदाधिकारियों के बीच मारपीट, दोनों पक्षों से मुकदमा दर्ज
- DSS Admin
- May 27, 2026
कानपुर, 27 मई (हि.स.)। चमनगंज थाना क्षेत्र स्थित हलीम ग्राउंड में लगने वाली बकरा मंडी में मंगलवार रात जमकर हंगामा और मारपीट हो गई। मामले में सीसामऊ सीट से सपा विधायक नसीम सोलंकी के पति और पूर्व विधायक इरफान सोलंकी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी मंडी संचालकों और उनके साथियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पटकापुर निवासी वफा अब्बास ने आरोप लगाया कि वह कई वर्षों से हलीम ग्राउंड में बकरा बाजार लगवाते हैं। बकरीद के चलते मंगलवार रात बाजार में भारी भीड़ थी और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। इसी दौरान पूर्व विधायक इरफान सोलंकी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
वफा अब्बास का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया तो इरफान सोलंकी और उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडी लगाने के नाम पर उनसे तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर उनके साथियों ने उन्हें पीटा और दो लाख सत्तर हजार रुपये भी लूट लिए।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। वफा अब्बास के समर्थन में मौजूद लोगों ने हलीम ग्राउंड के गेट बंद कर हंगामा किया और कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। सूचना पर पहुंची चमनगंज पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया।
डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वफा अब्बास की तहरीर पर चमनगंज थाने में पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मारपीट, धमकी देने और जानबूझकर अपमान करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी ओर विधायक नसीम सोलंकी के गनर अजीम अहमद की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। तहरीर में कहा गया है कि वह विधायक के कहने पर मंडी पहुंचे थे। वहां मंडी संचालक वफा अब्बास, फहद, इमरान और पंद्रह से बीस अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट की और वर्दी फाड़ दी।
इरफान सोलंकी ने कहा कि हलीम मुस्लिम इंटर कॉलेज में वर्षों पुरानी बकरा बाजार लगती है, जहां कारोबारियों और ग्राहकों से अवैध वसूली की शिकायत मिल रही थी। इसी शिकायत पर वह पत्नी नसीम सोलंकी के साथ वहां पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वसूली का विरोध करने पर वफा अब्बास और उनके साथी भड़क गए और हमला कर दिया।
पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के साथ भी मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से करने की बात कही है।

