कानपुर, 18 मई (हि.स.)। बीते दिनों नौबस्ता थाना क्षेत्र में एक ही दिन में चार बाइक चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हुई और कार्रवाई करते हुए अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार कर चोरी की 13 बाइक और स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने उनके पास से 7540 रुपये नगद और वाहन काटने में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स भी बरामद किए हैं।
संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध संकल्प शर्मा ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को चिन्हित कर उनकी तलाश शुरू की।
देर शाम नौबस्ता पुलिस यशोदा नगर चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक स्कूटी पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे और सीओडी पुल तक पहुंच गए। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। इसके अलावा उनका तीसरे साथी भी नाम प्रकाश में आया।
पूछताछ में उनकी पहचान मो० सलीम निवासी चकेरी, सानू निवासी गंगाघाट उन्नाव और वाजिद बेग निवासी जाजमऊ के रूप में हुई। जांच में पकड़ी गई स्कूटी चोरी की निकली। पूछताछ में तीनों ने कई वाहन चोरी की घटनाएं कबूल कर लीं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह में एक व्यक्ति वाहन चोरी करता था, दूसरा मैकेनिक था, जबकि तीसरा कबाड़ी का काम करता था और चोरी के वाहनों को कटवाकर उनके पार्ट्स बिकवाता था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर नौ अन्य मोटरसाइकिल और स्कूटी भी बरामद कीं। सलीम और सानू के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में करीब 15 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

