अजरबैजान से भगोड़े प्रभदीप सिंह का प्रत्यर्पण

नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वांछित भगोड़े प्रभदीप सिंह का अजरबैजान से सफल प्रत्यर्पण कराया, जिसको बुधवार को भारत लाया गया। प्रभदीप सिंह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में दर्ज एक मामले में मुख्य आरोपी था और नार्कोटिक्स रैकेट का आयोजक माना जाता है।

सीबीआई के अनुसार प्रभदीप सिंह के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम-1985 के तहत मामला दर्ज था। इस मामले में भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए थे और कई सह‑आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल चैनलों के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। अजरबैजान की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत को सौंप दिया। दिल्ली पुलिस की तीन सदस्यीय एस्कॉर्ट टीम बाकू गई और उसे लेकर 13 मई को दिल्ली पहुंची।

सीबीआई भारत में इंटरपोल की राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में कार्य करती है और भारतपोल प्लेटफॉर्म के जरिए सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। एजेंसी ने बताया कि विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों में 160 से अधिक वांछित अपराधियों का सफल प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया है।

------------

   

सम्बंधित खबर