छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सिलेंडर ब्लास्ट से एक ही परिवार के चार लोगाें की जिंदा जलकर माैत

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त मकान

-स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने परिजनों से मिलकर जताया शोक

दुर्ग 12 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित महामाया बस्ती में मंगलवार को गैस सिलेंडर में विस्फोट होने से दर्दनाक हादसा हो गया। अचानक हुए धमाके और आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।

मृतकों में दो युवतियां, एक पुरुष और डेढ़ साल की मासूम बच्ची शामिल हैं। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की खिड़कियां तक हिल गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रारंभिक जांच के अनुसार सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण पूरा घर गैस से भर गया था। इसी दौरान विस्फोट होने से आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घर के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मकान पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय अनिल वैष्णव, 20 वर्षीय लक्ष्मी, 18 वर्षीय चांदनी और डेढ़ साल की गोपिका वैष्णव के रूप में हुई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने परिजनों से मिलकर जताया शोक

घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने तत्काल मृतकों के निवास पर पहुँचकर परिजनों से भेंट की और गहरी संवेदना व्यक्त की। स्वास्थ्य मंत्री ने स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के साथ मौके पर पहुँचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और प्रशासन पीडि़त परिवारों के साथ है। उन्होंने घटना की उचित जाँच कराने एवं प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से सहायता दिलाने की बात कही।

---------------

   

सम्बंधित खबर