समस्तीपुर डीआरएम फारबिसगंज स्टेशन का किया निरीक्षण,प्रतिनिधियों ने रेल यात्री सुविधा को लेकर की बात
- DSS Admin
- May 10, 2026
अररिया 10 मई(हि.स.)। समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा स्पेशल ट्रेन से अधिकारियों के साथ रविवार को फारबिसगंज स्टेशन पर पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया।उन्होंने फारबिसगंज रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को लेकर जायजा लिया। प्लेटफार्म सहित यार्ड स्थल का उन्होंने जायजा लेने के साथ ही स्टेशन पर बन रहे रनिंग रुम और प्लेटफार्म पर यात्री सुविधा मसलन पेयजल,यात्री शेड आदि का जायजा लिया।
यात्री सुविधा में विस्तार को लेकर रेल संगठन से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की।मौके पर डीआरएम को डीआरयूसीसी सदस्य बछराज राखेचा,चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव राकेश रोशन,सिटीजन काउंसिल के मांगीलाल गोलछा,सुभाष चंद्र अग्रवाल,चंदन भगत आदि ने समस्तीपुर डीआरएम से नई ट्रेनों के परिचालन के साथ ही प्लेटफार्म संख्या तीन और चार का व्यवहार ट्रेनों के परिचालन के साथ सुभाष चौक पर रेलवे ट्रैक के अधूरे कनेक्टिंग लिंक को पूरा करने को लेकर पहल करने की मांग की।
फारबिसगंज से नई ट्रेनों के परिचालन संबंधित मांगों को रखा गया।सहरसा और दरभंगा से फारबिसगंज तक डेमू ट्रेन बढ़ाने की भी मांग रखी गई।जिस पर डीआरएम ने सकारात्मक रूप से पहल करने का आश्वासन रेलवे के प्रतिनिधियों को दिया।

