मुख्यमंत्री उत्कर्ष योजना : कक्षा 6वीं प्रवेश परीक्षा की प्राप्तांक सूची जारी, नौ जुलाई तक दर्ज करा सकेंगे दावा-आपत्ति
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
बलरामपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में राज्य के उत्कृष्ट निजी विद्यालयों में प्रवेश हेतु आयोजित लिखित परीक्षा की प्राप्तांक सूची आज सोमवार को जारी कर दी गई। प्रकाशित सूची पर अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से 9 जुलाई तक दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग के अनुसार योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 5 जुलाई को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक किया गया था। परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों के प्राप्तांकों की सूची अब प्रकाशित कर दी गई है, जिससे अभ्यर्थी अपने अंक देख सकते हैं।
यदि किसी अभ्यर्थी अथवा उनके अभिभावक को प्रकाशित प्राप्तांक सूची के संबंध में कोई दावा या आपत्ति दर्ज करानी है, तो वे 9 जुलाई तक कार्यालयीन समय में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, बलरामपुर-रामानुजगंज में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी दावा-आपत्ति आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए संबंधित अभ्यर्थियों और अभिभावकों से समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की गई है।
---------------

