हाईड्रेन को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नगर निगम का अभियान
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
सिलीगुड़ी, 05 जुलाई (हि. स.)। शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम ने हाइड्रेन (नालों) को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान रविवार से तेज कर दिया है। रविवार को सेवक रोड इलाके में नगर निगम की ओर से विशेष अभियान चलाकर लंबे समय से हाइड्रेन के ऊपर लगाए गए कंक्रीट स्लैब हटाए गए और सफाई कार्य शुरू किया गया।
नगर निगम सूत्रों के अनुसार, कई व्यवसायियों ने हाइड्रेन के ऊपर स्थायी रूप से स्लैब डालकर उस जगह का उपयोग दुकान या व्यापार के लिए करना शुरू कर दिया था। इससे नियमित सफाई कार्य बाधित हो रहा था। खासकर बरसात के मौसम में जल निकासी व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी।
अभियान के दौरान निगम कर्मियों ने हाइड्रेन के ऊपर से स्लैब हटाकर जमा कचरे की सफाई की। साथ ही, जहां-जहां अवैध रूप से नालों पर कब्जा कर दुकानें बनाई गई थी, वहां अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य इलाकों में भी चरणबद्ध तरीके से यह अभियान जारी रहेगा। यदि कहीं भी हाइड्रेन पर कब्जा या जल निकासी व्यवस्था में बाधा पाई जाती है, तो संबंधित व्यवसायियों के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

