कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के 75वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
गुवाहाटी, 23 जून (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) के 75वें स्थापना दिवस पर प्रदेशवासियों, विशेषकर कार्बी आंगलोंग के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर साझा अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि परिषद की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा न्याय, समानता और जनसेवा के आदर्शों पर आधारित रही है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विकास और जनकल्याण की यह यात्रा आने वाले समय में और अधिक सशक्त होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्बी आंगलोंग की समृद्ध संस्कृति, परंपराएं और जनजातीय गौरव ने सदैव असम को और अधिक समृद्ध बनाया है। उन्होंने इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोगों की विरासत, दृढ़ता और आकांक्षाओं का प्रतीक बताया।
डॉ. सरमा ने परिषद की निरंतर प्रगति तथा क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि परिषद भविष्य में भी शांति, विकास और सर्वसमावेशी सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।

