मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साहित्यकार विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय को जन्मदिवस पर दी श्रद्धांजलि
- Admin Admin
- Sep 12, 2025
कोलकाता, 12 सितम्बर (हि.स.) ।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रख्यात साहित्यकार विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय के जन्मदिवस पर उन्हें याद किया। शुक्रवार सुबह उन्होंने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा कि ख्यातनाम साहित्यिक विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय को उनके जन्मदिन पर वह अपनी ओर से हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करती हैं।
विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय का जन्म 12 सितम्बर 1894 को बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर उपजिला के घोषपाड़ा-मुरारिपुर गांव में हुआ था। वे बांग्ला साहित्य के उन रचनाकारों में गिने जाते हैं जिन्होंने ग्रामीण जीवन, मानवीय भावनाओं और प्रकृति को अपने लेखन में बेहद सहज और मार्मिक तरीके से प्रस्तुत किया।
उनकी सबसे चर्चित कृति ‘पाथेर पांचाली’ है, जिस पर सत्यजीत रे ने फिल्म बनाई थी। यह उपन्यास न केवल बांग्ला साहित्य की धरोहर है बल्कि भारतीय साहित्य की भी अमूल्य निधि माना जाता है। इसके अलावा उन्होंने ‘आरण्यक’, ‘अपरााजितो’, ‘ईच्छामती’ जैसी कृतियों से भी साहित्य जगत में अपनी अमिट छाप छोड़ी।
विभूतिभूषण बंद्योपाध्याय की रचनाएं आज भी पाठकों को उतनी ही प्रभावित करती हैं जितनी उनके समय में किया करती थीं। उनकी कहानियों और उपन्यासों में प्रकृति का मोहक चित्रण, मानवीय संवेदनाओं की गहराई और जीवन का सहज सौंदर्य पाठकों को आकर्षित करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



