मुख्यमंत्री ने सोनपुर मेला में विभिन्न विभागों के स्टॉल का किया निरीक्षण
- Admin Admin
- Nov 30, 2025





सारण, 30 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले में रविवार की सुबह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन हुआ।
मुख्यमंत्री ने मेले का विस्तृत भ्रमण किया और विभिन्न सरकारी व गैर-सरकारी स्टॉलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब यह ऐतिहासिक मेला धीरे-धीरे अपने पुराने वैभव को खोता जा रहा है और सिमटने लगा है, जिससे स्थानीय लोगों और कला-संस्कृति प्रेमियों में चिंता व्याप्त है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से मेले के पुनरुद्धार और विकास की एक नई आशा जगी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने भ्रमण के दौरान खासकर जीविका दीदी के स्टॉल पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने जीविका दीदियों के उत्पादों और उनके आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा, उन्होंने अपराध अनुसंधान विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी जायजा लिया। स्टॉलों पर मौजूद लोगों से उन्होंने स्वयं बात की और उनके अनुभवों को जाना।
इस दौरान जिलाधिकारी अमन समीर ने मुख्यमंत्री को प्रत्येक स्टॉल की विस्तृत जानकारी प्रदान की। सुरक्षा की जिम्मेदारी सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ कुमार आशीष ने संभाली थी।
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री अशोक चौधरी सहित कई जदयू नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने काफिले के साथ पटना के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री के सोनपुर मेला में आने को एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। यह मेला, जिसे एशिया के सबसे बड़े पशु मेले के रूप में जाना जाता है, वर्षों से उपेक्षा का शिकार रहा है और इसका पारंपरिक महत्व क्षीण होता जा रहा है।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से विकास कार्य को नई गति मिलने की उम्मीद जगाई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस मेले को फिर से उसकी पुरानी पहचान और गौरव दिलाने के लिए ठोस और दीर्घकालिक कार्ययोजना की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत रुचि लेने से, अब उम्मीद की जा रही है कि सोनपुर मेला केवल एक वार्षिक आयोजन न रहकर, बिहार की सांस्कृतिक और आर्थिक पहचान का एक सशक्त केंद्र बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार



